दूध लेने निकले युवक का दिनदहाड़े अपहरण, आरोपियों ने पत्नी को काॅल कर मांगी फिरौती, पीड़ित परिवार ने पुलिस से लगाई मदद की गुहार

छत्तीसगढ़
जांजगीर-चांपा/स्वराज टुडे: जिला मुख्यालय के चंदनिया पारा में रहने वाले युवक का मंगलवार को अपहरण हो गया।  युवक महेंद्र शर्मा की पत्नी के मोबाइल में अपहरण करने वालों ने फिरौती की मांग की है। घटना की रिपोर्ट परिजनों ने कोतवाली थाने में कराई है लेकिन पुलिस अभी इस मामले में कुछ भी कहने से बच रही है।

सुबह दूध लेने निकला लेकिन दोपहर तक नहीं लौटा

जांजगीर के चंदनिया पारा में 5 माह पहले कोरबा के जिल्गा गांव से आकर फाइनेंस कंपनी में काम करने वाले 30 वर्षीय युवक महेंद्र शर्मा आज सुबह दूध लेने के लिए घर से निकाला था, लेकिन दोपहर तक घर वापस नहीं लौटा। इससे उसकी पत्नी ने परिजनों से फोन कर जानकारी चाही और अपनी सास से भी मामले में चर्चा की, लेकिन घर परिवार और दोस्तों से कोई खबर नहीं मिलने पर चिंतित थी।

अपहरणकर्ताओं का फोन आते ही घर में मच गया कोहराम

दोपहर में महेंद्र की पत्नी के मोबाइल में कॉल आया, जिसमें आरोपियों ने महेंद्र शर्मा की किडनैपिंग की जानकारी दी और पैसे की डिमांड की। किडनैपिंग की खबर मिलते ही घर मे कोहराम मच गया। बदहवासी की हालत में महेंद्र की पत्नी ने अपनी सास और परिजनों को मामले की जानकारी दी और कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराने पहुंची।

मां से 9 बजे महेंद्र की हुई थी बात

महेंद्र के अपहरण की सूचना पाकर कोरबा जिल्गा गाँव से जांजगीर पहुंची उषा शर्मा ने बताया कि उसकी बहू ने फोन पर अपहरण की जानकारी दी। बहू ने बताया कि महेंद्र सुबह से दूध लेने के लिए निकला है और वापस नहीं लौटा है। दोपहर में एक फोन आया था, जिसमें अपहरण कर पैसे की डिमांड करने की जानकारी दी। कोरबा से सीधा कोतवाली थाना पहुंचकर पुलिस से मदद की गुहार लगाने आए हैं।

पुलिस ने मामले में साधी चुप्पी

जिला मुख्यालय से 30 वर्षीय युवक के अपहरण की सूचना मिलने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। उच्च अधिकारियों को जानकारी दी गई है। हालांकि पुलिस अभी कुछ भी कहने से बच रही है।